रेल परियोजना के तहत धारी देवी, तिलणी, घोलतीर और गौचर स्टेशनों पर निर्माण कार्य में तेजी

चमोली। उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग 125 किलोमीटर ब्रॉडगेज रेल परियोजना के तहत चमोली जनपद के धारी देवी, तिलणी, घोलतीर और गौचर रेलवे स्टेशनों पर निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), स्टेशन परिसर और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन भवनों के साथ-साथ एप्रोच रोड, पार्किंग, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, सब-वे, स्टेशन मार्ग, ओवरहेड वाटर टैंक (ओएचडब्ल्यूटी), पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था, विद्युत और दूरसंचार सुविधाओं सहित विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

तिलणी रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन के लिए खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में फुटिंग एवं कॉलम की स्टील रिइन्फोर्समेंट (बाइंडिंग) का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं ओवरहेड वाटर टैंक (ओएचडब्ल्यूटी) के लिए भी मार्किंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा गौचर स्टेशन पर खुदाई का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक संसाधन और मशीनरी भी उपलब्ध कराई गई है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पूर्ण होने के बाद उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
