राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैम्प का समापन
पोखरी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैम्प-2026 का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया गया। समर कैम्प के अंतिम दिवस की शुरुआत गढ़वाली सरस्वती वंदना एवं देशभक्ति गीत “हिन्द के बहादुरो, वक्त की पुकार है” के साथ हुई।
प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र नई दिल्ली द्वारा तैयार इस समर कैम्प की मुख्य थीम भारतीय भाषाओं के माध्यम से बहुभाषिकता, सांस्कृतिक एकता और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना रही। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय शिविर का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय भाषाओं के सम्मान एवं संरक्षण की भावना विकसित करना, विविधता में एकता का संदेश देना तथा स्थानीय संस्कृति, कला, भोजन एवं परंपराओं से जोड़ना रहा।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड तथा डायट गौचर के दिशा-निर्देशन में आयोजित समर कैम्प के अंतिम दिवस पर शिक्षिकाओं रेखा पटवाल राणा, पुष्पा नेगी एवं निशा ने छात्राओं को यू-ट्यूब वीडियो के माध्यम से वर्ड चेन, टंग ट्विस्टर, वर्ड एसोसिएशन गेम और ऐपड कला के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही इन गतिविधियों पर आधारित विभिन्न अभ्यास भी कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के समूह बनाकर क्विज प्रतियोगिता और अंत्याक्षरी का आयोजन किया गया। साथ ही छात्राओं को कंचे, गिल्ली-डंडा, गुट्टा, रस्सीकूद, पिट्ठू, कबड्डी, खो-खो और रस्साकसी जैसे पारंपरिक खेल भी खिलाए गए। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं की कैटवॉक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
समर कैम्प के सफल संचालन में शिक्षिकाओं के साथ वरिष्ठ सहायक राहुल देवशाली, कार्यालय कर्मचारी रेखा सती, दिव्या थपलियाल तथा भोजन माताएं सुमन देवी और माहेश्वरी देवी का विशेष सहयोग रहा। समर कैम्प के अंतिम दिवस में 26 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत भोजन के साथ झंगोरे की खीर भी परोसी गई।
समापन सत्र में प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने सभी प्रतिभागी छात्राओं, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं भोजन माताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर समर कैम्प के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
