June 2, 2026

डीएम के आदेश के बाद भड़के लोग, केदारनाथ मार्ग पर शराब की दुकान का विरोध

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चंद्रापुरी क्षेत्र में विदेशी शराब की उप दुकान खोलने की अनुमति दिए जाने के बाद क्षेत्र में भारी विरोध देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रस्तावित शराब की दुकान में तोड़फोड़ कर दी। लोगों का कहना है कि आस्था और धार्मिक महत्व वाले केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शराब की दुकान खोलना देवभूमि की संस्कृति और धार्मिक भावनाओं के विपरीत है।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी एवं लाइसेंस प्राधिकारी विशाल मिश्रा ने अगस्त्यमुनि विदेशी मदिरा दुकान के अंतर्गत भटवाड़ी सुनार (चंद्रापुरी) में उप दुकान संचालित करने की अनुमति प्रदान की थी। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया कि आबकारी आयुक्त उत्तराखंड द्वारा मार्च 2026 में उप दुकान खोले जाने की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी, जिसके आधार पर अनुमति जारी की गई।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया था कि वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 की निर्धारित लाइसेंस फीस जमा कराने के बाद ही उप दुकान का अंतिम आवंटन किया जाएगा।
इधर, दुकान खोले जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर पहले से कई शराब की दुकानें संचालित हैं, जिनका लंबे समय से विरोध किया जा रहा है। इसके बावजूद नई दुकान खोलने की अनुमति देना धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल आदेश निरस्त कर यात्रा मार्ग से शराब की दुकानों को हटाने की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही अनुमति प्रदान की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!