पोखरी में बिजली की समस्याओं का मौके पर ही किया निस्तारण
चार दर्जन से अधिक शिकायतें पहुंची कैंप में
विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच कर्णप्रयाग की ओर से ताबड़तोड़ कैंपों का आयोजन।
25 अप्रैल को गैरसैंण डिवीजन के नौटी में लगेगा अगला कैंप।
पोखरी (चमोली)। विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (सीजीआरएफ) कर्णप्रयाग की ओर से लगातार दूसरे दिन भी कैंप का आयोजन किया गया। नागनाथ पोखरी में आयोजित इस कैंप में चार दर्जन से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। एक दिन पहले ही फोरम की ओर से जनपद रुद्रप्रयाग के चोपता में कैंप किया गया था। इसी महीने अगला कैंप गैरसैंण डिवीजन के नॉटी में 25 अप्रैल को आयोजित किया गया है।
फोरम के न्यायिक सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट व उपभोक्ता सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट की मौजूदगी में उपभोक्ताओं ने अपने तमाम तरह की शिकायत इस अवसर पर रखी। यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी आशीष चौधरी व अवर अभियंता धीर सिंह भंडारी ने मौके पर ही ज्यादातर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश लाइनमैन और अधिनस्थ स्टाफ को दिए। सीजीआरएफ के कार्यालय सहायक सतीश मैठाणी ने कैंप का संचालन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच ने करीब एक दर्जन शिकायतों को फोरम में सुनवाई के लिए रजिस्टर्ड किया।
इस मौके पर फोरम के सदस्यों व उपखंड अधिकारी ने फील्ड स्टाफ के साथ बैठक कर के उन्हें जरूरी निर्देश दिए ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके। चोपता की तरह पोखरी क्षेत्र में भी फील्ड स्टाफ की कमी की वजह से समस्याओं का त्वरित निस्तारण न होने की बात सामने आई। आज के कैंप में जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा, प्रधान कुजासू मधु देवी, प्रधान ग्राम सभा पैणी सतीस सिंह व बड़ी संख्या में पत्रकार व समाजसेवी में भी मौजूद रहे। आज के कैंप में महिलाओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
