July 19, 2026

तहसील दिवस में 48 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण।

पोखरी (चमोली)। ब्लॉक सभागार पोखरी में अप्रैल माह के प्रथम  आयोजित तहसील दिवस में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी के प्रतिनिधि उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रागड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ प्रेषित किया गया।

तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, कृषि, शिक्षा, उद्यान और पर्यटन से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उपजिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम मयाड़ी के फते सिंह कंडारी ने पोखरी-मयाड़ी सीमा पर अतिक्रमण एवं सीमांकन की समस्या उठाई। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने नौली-धोतीधार मोटर मार्ग, सलना डांडा सड़क तथा पोखरी-हापला-गोपेश्वर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर शीघ्र सुधार की मांग की।
इसके अलावा ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के तहत सामग्री भुगतान में देरी, पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने, गांवों में झूलते विद्युत तार, भूस्खलन से कृषि भूमि को नुकसान और बंदरों के आतंक जैसी समस्याएं सामने रखीं। पार्किंग व्यवस्था की कमी और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर भी शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं, विनायकधार स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउस के चार वर्षों बाद भी संचालित न होने, शिक्षा योजनाओं का लाभ न मिलने, पेयजल संकट और सड़क निर्माण में देरी जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे।
उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रागड़ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर तहसीलदार राम किशोर ध्यानी, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, पीएमजीएसवाई के ईई मनमोहन बेनीवाल, प्रशासनिक अधिकारी सिताबूलाल, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!