August 27, 2026

चमोली के डुंगर गांव में पहली बार पहुंचा वाहन, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाई 1 किमी सड़क

 

पोखरी (चमोली):
चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के डुंगर गांव में सड़क पहुंचने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित इस गांव के लोगों ने खुद ही पहल करते हुए चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान के जरिए करीब 1 किलोमीटर सड़क का निर्माण कर दिया। यह सड़क तोणजी मोटर मार्ग से गांव को जोड़ती है।
सड़क बनने के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार वाहन गांव में पहुंचा। वाहन के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की और इसे उत्सव की तरह मनाया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने वाहन का स्वागत किया और एक-दूसरे को बधाई दी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में सड़क की मांग की जा रही थी, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो गांव के लोगों ने खुद ही सड़क बनाने की जिम्मेदारी उठाई। सभी ग्रामीणों ने मिलकर चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान करते हुए सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया।
इस कार्य में गांव के कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें सुनील परमार, ग्राम प्रधान कीमोठा हरिकृष्ण किमोठी, गजे सिंह नेगी, मयंक नेगी, अंकिता बर्त्वाल, इंद्र सिंह, शिवदेई देवी, मुरली परमार, विवेक सिंह परमार, शांति देवी, पूर्व प्रधान राजेश्वरी देवी, बलवीर सिंह परमार, रविंद्र परमार, भूपेंद्र परमार, इशू देवी और मालती देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से अब गांव तक वाहनों की पहुंच संभव हो गई है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के कामकाज में बड़ी सुविधा मिलेगी।

Spread the love
error: Content is protected !!