March 9, 2026

घेस और देवाल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया, महिला मंगल दलों को एक-एक लाख की घोषणा

जनपद चमोली के विकासखंड देवाल के दूरस्थ गांव घेस में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में घेस की महिलाओं ने मंगल गीत गाकर अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने घेस, बलाण, पिनाऊँ, हिमानी, उदयपुर और लोसरी गांवों की महिला मंगल दलों को एक-एक लाख रुपये की सामग्री देने की घोषणा की। साथ ही घेस में जिला पंचायत अतिथि गृह के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, राजकीय इंटर कॉलेज घेस में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा बलाण में खेल मैदान के लिए 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान महिला मंगल दल घेस, बलाण और पिनाऊँ की महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। समारोह में जिला पंचायत सदस्य बलबीराम, साक्षी नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य लीला देवी, प्रदीप दानू, प्रधान देवकी देवी, प्रधान खीम राम, प्रधान लखपद दानू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृपाल भंडारी और मोहन सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।
वहीं विकासखंड मुख्यालय देवाल में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भिटोली महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। देवाल मुख्य बाजार में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में नारी शक्ति को सम्मान और उच्च स्थान देना आवश्यक है, तभी समाज में खुशहाली संभव है। विधायक ने विकासखंड के प्रत्येक गांव की महिला मंगल दल को एक-एक लाख रुपये की सामग्री देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी। समापन अवसर पर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने अगले वर्ष विकासखंड के सभी गांवों की महिला मंगल दलों को एक-एक लाख रुपये की सामग्री उपलब्ध कराने तथा देवाल में जिला पंचायत अतिथि गृह के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
समारोह में विकासखंड के विभिन्न गांवों से आई महिला मंगल दलों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बागेश्वर से आए नीलेश्वर डांस ग्रुप ने भी शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को भिटोली देकर सम्मानित किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!