August 20, 2026

बड़ोवाला में अधूरी सड़क का निर्माण शुरू, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया उद्घाटन

बड़ोवाला। सहसपुर क्षेत्र के बड़ोवाला स्थित अलंकृता फेज-2 में अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य  विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
बताया गया कि यह सड़क पूर्व में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा बनाई गई थी, किंतु उसका एक हिस्सा अधूरा रह गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों के साथ पार्षद किरण, विजेंद्र और प्रमोद रतुड़ी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधूरे हिस्से के निर्माण की मांग उठाई थी।

जनप्रतिनिधियों की मांग पर शेष भाग के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
इस अवसर पर विधायक पुंडीर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र में सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने बताया कि सहसपुर क्षेत्र में अधिकांश सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए वर्ल्ड बैंक के सहयोग से एक बड़ी योजना संचालित की जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
विधायक ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग और जनता के समर्थन से शेष विकास कार्य भी शीघ्र पूर्ण किए जाएंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!